Sukhbir Singh Badal Attack: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब गुरुद्वारा में उन पर हमला हुआ था, जिसमें उनके हाथ में चोट लगी थी. इलाज के बाद शुक्रवार को उन्होंने मीडिया से बातचीत की और कहा कि यह उन पर दूसरा हमला है.
परिवार के साथ गुरुद्वारा पहुंचे थे
घटना के समय सुखबीर बादल अपनी पत्नी, बठिंडा सांसद हरसिमरत कौर बादल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गुरुद्वारा में मत्था टेकने पहुंचे थे. इसी दौरान उन पर हमला किया गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया.
“दोनों हमले धार्मिक स्थलों पर हुए”
अस्पताल से बाहर आने के बाद सुखबीर बादल ने कहा कि इससे पहले उन पर अमृतसर के गोल्डन टेंपल में हमला हुआ था और अब हजूर साहिब में यह घटना हुई है. उन्होंने कहा, “गुरु साहब की कृपा से मैं सुरक्षित हूं. जिसके सिर पर गुरु का हाथ हो, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता.”
“पंजाब का माहौल खराब नहीं होने देंगे”
सुखबीर बादल ने कहा कि कुछ ताकतें पंजाब का माहौल बिगाड़ना चाहती हैं, लेकिन अकाली दल ऐसा नहीं होने देगा. उन्होंने अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा शांति और भाईचारे की राजनीति की.
“मैं न डरता हूं, न डरा हूं”
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह किसी भी धमकी या हमले से डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने दोहराया कि अकाली दल पंजाब में सामाजिक और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए काम करता रहेगा और जरूरत पड़ने पर हर कुर्बानी देने को तैयार है.
सुखबीर बादल पर हुए हमले की आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल समेत कई राजनीतिक दलों ने निंदा की है. बादल ने कहा कि वह आगे भी पंजाब और देश की शांति के लिए काम करते रहेंगे.