Ranchi: रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ स्थित एक पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. शव की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पंडरा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी.
इलाके में घूमकर मांगता था भीख
स्थानीय दुकानदारों और लोगों के मुताबिक, मृतक पिछले कुछ समय से पिस्का मोड़ और आसपास के इलाके में नजर आता था. बताया गया कि वह भीख मांगकर अपना गुजारा करता था और रात के समय आसपास ही सो जाता था. पुलिस अब उसकी पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क कर रही है. हाल में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी शव की जानकारी का मिलान किया जा रहा है.
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल व्यक्ति की मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस ने शव को सुरक्षित रखकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पहचान होने के बाद परिजनों तक सूचना पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारण का पता लगाने के लिए उपलब्ध साक्ष्यों को भी देखा जा रहा है.