Ranchi News: रांची के मेसरा के BIT चौक के पास बुधवार शाम वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. कुछ ही देर में कहासुनी मारपीट में बदल गई. घटना पद्मिनी मेडिकल हॉल के पास की है.
पार्किंग विवाद बना मारपीट की वजह
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे वाहन खड़ा करने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से मारपीट हुई. घटना के बाद दोनों पक्ष BIT थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
एक पक्ष ने रॉड से हमला और चेन छीनने का लगाया आरोप
वास्तु विहार निवासी प्रियांशु सिंह ने आरोप लगाया कि राम किशोर प्रसाद और उनके साथियों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला किया. उन्होंने यह भी दावा किया कि मारपीट के दौरान उनकी सोने की चेन छीन ली गई और बाइक को भी नुकसान पहुंचाया गया.
वहीं, केदल निवासी राम किशोर प्रसाद ने प्रियांशु सिंह पर हमला करने का आरोप लगाया है. उनके मुताबिक, मारपीट में उनके होंठ पर गंभीर चोट लगी, जिसके बाद डॉक्टरों ने छह टांके लगाए.
BIT थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली है. थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि मामले की जांच जारी है. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.