Jharkhand Weather Update: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। आज शुक्रवार, 14 अगस्त को राज्य के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात की संभावना है। रांची मौसम विभाग के जिला-वार पूर्वानुमान के अनुसार 11 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। इनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में ऑरेंज अलर्ट, जबकि रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी और बोकारो में येलो अलर्ट है।
इन जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात का खतरा
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं येलो अलर्ट वाले जिलों में भी गरज-चमक, तेज हवा, बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है, हालांकि अचानक बारिश और वज्रपात से इनकार नहीं किया जा सकता।
वज्रपात को लेकर रहें सतर्क, खुले स्थानों से बचें
मौसम विभाग के अनुसार आज अलर्ट वाले 11 जिलों में आकाशीय बिजली सबसे बड़ा खतरा हो सकती है। बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को पेड़ के नीचे, खुले मैदान, खेत और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। IMD के अनुसार राज्य में गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधि बनी हुई है, इसलिए मौसम खराब होने पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
19 अगस्त तक सक्रिय रह सकता है मानसून
IMD रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 से 20 अगस्त के दौरान झारखंड में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है। 14 अगस्त को बारिश का असर व्यापक रहेगा, जबकि 15 और 16 अगस्त को भी कई इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। 17-18 अगस्त के आसपास बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ने के संकेत हैं और 19 अगस्त को भी कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। ऐसे में 14 से 19 अगस्त के बीच मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं।