Jamtara: जामताड़ा के मिहिजाम पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ा है. दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं. पुलिस ने उनके पास मौजूद सामान की तलाशी ली तो ट्रॉली और पिट्ठू बैग से अंग्रेजी शराब व बीयर की कई बोतलें और कैन बरामद हुए.
गुप्त सूचना पर चित्तरंजन गेट के पास कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग शराब लेकर चित्तरंजन गेट नंबर-1 के आसपास पहुंचने वाले हैं. इसके बाद थाना प्रभारी प्रदीप राणा के निर्देश पर टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की. इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर पुलिस ने दो युवकों को रोका और उनके सामान की जांच की. तलाशी में तीन बैग के अंदर शराब और बीयर छिपाकर रखी मिली.
तीन बैग से मिली शराब और बीयर
पुलिस के अनुसार, हरे रंग के ट्रॉली बैग से 750 एमएल की रॉयल स्टैग की 14 बोतलें बरामद हुईं. काले रंग के पिट्ठू बैग में 500 एमएल के हेवर्ड्स कैन बीयर के 48 पीस मिले. इसके अलावा नीले ट्रॉली बैग से 750 एमएल की मैजिक मोमेंट्स की 14 बोतलें जब्त की गईं. बरामद शराब और बीयर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है.
ट्रेन से बिहार जाने की तैयारी का दावा
गिरफ्तार युवकों की पहचान राजा कुमार (22), निवासी एकडारा, खजौली, मधुबनी और विष्णु पंडित (28), निवासी राहोपुर, बेनी बाद, मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है. पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे चित्तरंजन स्टेशन से मिथिला एक्सप्रेस के जरिए मुजफ्फरपुर जाने वाले थे. पुलिस के मुताबिक, शराब को सामान्य यात्रियों के सामान जैसा दिखाने के लिए अलग-अलग बैग में रखा गया था.
न्यायिक प्रक्रिया के बाद भेजे जाएंगे जेल
मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं और उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. जांच की जिम्मेदारी पुलिस अवर निरीक्षक अजित सागर केरकेट्टा को दी गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे बिहार ले जाने की योजना किस उद्देश्य से बनाई गई थी. दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.