Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-12

Ranchi News : JPSC-JSSC अनियमितताओं की CBI जांच की मांग, ABVP ने आंदोलन तेज करने का ऐलान

Ranchi News : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने JPSC और JSSC परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच CBI से कराने की मांग की है। परिषद ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और विद्यार्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील झारखंड सरकार से की है।


ABVP के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के गंभीर मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए अब CBI जांच आवश्यक हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के लिए गठित SIT में बार-बार बदलाव किए जाने से उसकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के बीच जांच को लेकर विश्वास कायम करना मुश्किल है।

JSSC CGL परीक्षा रद्द करने की मांग

परिषद ने JSSC CGL परीक्षा की शुचिता को लेकर उठ रहे सवालों के मद्देनजर परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है। ABVP का कहना है कि परीक्षा की विश्वसनीयता पर संदेह उत्पन्न होने की स्थिति में विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।


ABVP ने कहा कि संगठन 30-31 जुलाई से लगातार आंदोलन कर रहा है और राज्य के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किए गए हैं। परिषद के अनुसार, 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। वहीं, 11 अगस्त को भी विधानसभा घेराव कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज किए जाने और सैकड़ों विद्यार्थियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया। परिषद ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे जिलों से रांची आ रहे विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग स्थानों पर रोकने का प्रयास किया गया।

लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के खिलाफ आंदोलन जारी रखने का ऐलान

ABVP ने इन घटनाओं को सरकार की कथित छात्र विरोधी नीति का उदाहरण बताया। परिषद का कहना है कि विद्यार्थियों की आवाज को लाठीचार्ज, गिरफ्तारी और प्रशासनिक दबाव से दबाया नहीं जा सकता।

ABVP ने घोषणा की कि झारखंड के विद्यार्थियों की मांगों के समर्थन में आने वाले दिनों में जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों से संवाद किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक जिले और परिसर में आंदोलन, प्रदर्शन एवं अभियान चलाने की बात कही गई है।

डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थियों की मांगों का समाधान करने के बजाय लगातार लाठीचार्ज और गिरफ्तारियां करना सरकार के विद्यार्थी विरोधी रवैये को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को न्याय मिलने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।

ABVP झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि विद्यार्थी लंबे समय से JPSC और JSSC परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं के खिलाफ न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से CBI से निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो ABVP हर जिले और परिसर में आंदोलन जारी रखेगी। जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी आंदोलन करने की भी चेतावनी दी गई है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !