बोर्डिंग पूरी होते ही बंद हुआ एसी, सांस लेना हुआ दूभर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी यात्री अपनी सीटों पर बैठ चुके थे और विमान रनवे की तरफ जाने की तैयारी में था. इसी दौरान अचानक केबिन की कूलिंग पूरी तरह ठप हो गई. बंद केबिन में भीषण गर्मी और उमस के कारण यात्रियों का दम घुटने लगा और कई लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
क्रू मेंबर्स से बहस, यात्रियों ने सुरक्षा पर जताए गंभीर सवाल
हालात बिगड़ते देख यात्रियों ने तुरंत केबिन क्रू से समस्या का समाधान करने की मांग की. हालांकि, काफी समय बीत जाने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. एसी ठीक न होने और केबिन में तापमान बढ़ने से नाराज यात्रियों ने इस हालत में उड़ान भरने से साफ इनकार कर दिया और एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया.
एप्रन पर उतरे यात्री, पार्किंग बे में वापस लाया गया विमान
बढ़ते तनाव और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए उड़ान की प्रक्रिया रोकनी पड़ी. गुस्से में कुछ यात्री दरवाजा खुलवाकर एप्रन क्षेत्र में बाहर निकल आए और टर्मिनल पर स्पाइसजेट के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. मामला बढ़ता देख विमान को रनवे के पास से वापस पार्किंग बे में लाना पड़ा.
मेंटेनेंस को लेकर उठे सवाल, एयरलाइन का बयान बाकी
इस पूरे घटनाक्रम की वजह से दिल्ली-पुणे फ्लाइट सेवा कई घंटों तक बाधित रही. यात्रियों ने एयरलाइन के मेंटेनेंस प्रोटोकॉल और उड़ानों की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं कि जब एसी काम नहीं कर रहा था तो बोर्डिंग की अनुमति कैसे दी गई.