Jharkhand Labourer Death: रोजी-रोटी की तलाश में आंध्र प्रदेश गए चतरा के एक मजदूर की मंगलवार रात ट्रेन हादसे में जान चली गई. प्रतापपुर थाना क्षेत्र की बरूरा पंचायत के नारायणपुर गांव निवासी करीब 35 वर्षीय अनिल कुमार भारती की विजयवाड़ा के टुनी स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई.
अनिल कुमार भारती सगुनी भारती के पुत्र थे और मजदूरी करने के लिए आंध्र प्रदेश गए थे. बताया गया कि टुनी स्टेशन के आसपास वह ट्रेन की चपेट में आ गए. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलते ही गांव में पसरा मातम
घटना के बाद विजयवाड़ा पुलिस ने अनिल के परिजनों और गांव के लोगों को हादसे की जानकारी दी. जैसे ही परिवार को मौत की खबर मिली, नारायणपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
शव गांव लाना बना परिवार के लिए बड़ी चुनौती
अनिल की मौत के बाद परिवार के सामने अब सबसे बड़ी समस्या उनका शव आंध्र प्रदेश से चतरा के नारायणपुर गांव तक लाने की है. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन खुद शव को इतनी लंबी दूरी तक लाने का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं.
डीसी और जनप्रतिनिधियों से मदद की अपील
परिजनों ने चतरा के उपायुक्त रवि आनंद, सांसद कालीचरण सिंह और विधायक जनार्दन पासवान से सहायता की गुहार लगाई है. परिवार ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल पहल कर अनिल कुमार भारती के शव को जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव नारायणपुर पहुंचाने की व्यवस्था कराने की मांग की है.