K Raju Jharkhand Congress: झारखंड कांग्रेस ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी सिलसिले में पार्टी के प्रदेश प्रभारी के. राजू 15 अगस्त को रांची पहुंचेंगे और अगले पांच दिनों तक राज्य के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों के नेताओं के साथ लगातार बैठकें करेंगे. इन बैठकों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और क्षेत्रवार गतिविधियों का जायजा लिया जाएगा.
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने के. राजू के कार्यक्रम की जानकारी दी. उनके अनुसार, 16 अगस्त को धनबाद लोकसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं के साथ बैठक होगी, जबकि 17 अगस्त को लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के नेताओं से चर्चा की जाएगी.
17 अगस्त को प्रोफेशनल कांग्रेस के साथ भी बैठक
लोहरदगा की बैठक के बाद 17 अगस्त की शाम रांची के होटल बीएनआर में झारखंड प्रोफेशनल कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ के. राजू बैठक करेंगे. इसके अगले दिन यानी 18 अगस्त को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं के साथ संगठन की समीक्षा की जाएगी.
कौन-कौन नेता बैठक में होंगे शामिल
लोकसभा स्तर की बैठकों में पार्टी के लोकसभा प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्ष शामिल होंगे. इनके अलावा विधानसभा प्रभारी, जिला और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष, प्रदेश सचिव, ब्लॉक अध्यक्ष तथा SIR प्रशिक्षकों को भी बैठक में बुलाया गया है.
संबंधित लोकसभा क्षेत्रों के वर्तमान और पूर्व सांसद, विधायक और कांग्रेस के चुनाव प्रत्याशी रहे नेताओं की भी इन बैठकों में मौजूदगी रहेगी.
19 अगस्त को हैदराबाद लौटेंगे के. राजू
दौरे के दौरान बैठकों के बाद के. राजू रांची लौटकर राज्य अतिथि गृह में ठहरेंगे. उनका पांच दिवसीय झारखंड दौरा 19 अगस्त को समाप्त होगा, जब वह रांची से हैदराबाद के लिए रवाना होंगे.