Delhi NCR Security: 15 अगस्त को लेकर दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है. दिल्ली पुलिस के साथ विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां भी लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं. इसी बीच पुलिस ने 19 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची सार्वजनिक की है. इन सभी की तस्वीरों वाले पोस्टर दिल्ली के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं.
पुलिस की इस सूची में झारखंड से जुड़े दो नाम भी शामिल हैं. इनमें चतरा निवासी अबू सूफियान और जमशेदपुर के आजादनगर निवासी सैयद मोहम्मद अर्शियान का नाम है. पुलिस के मुताबिक, दोनों के अल-कायदा से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है.
अल-कायदा और इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े नाम भी सूची में
जारी पोस्टर में देश के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े वांटेड आतंकियों के नाम और तस्वीरें शामिल हैं. सूची में अल-कायदा और इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े संदिग्धों के अलावा खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े नाम भी हैं.
मोहम्मद शर्जील अख्तर को भी इस सूची में शामिल किया गया है. पुलिस के अनुसार, उसके तार अल-कायदा और इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े बताए गए हैं. वहीं रियाज भटकल और शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल के नाम इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े वांटेड लोगों में हैं.
खालिस्तानी संगठनों से जुड़े कई नाम
सूची में हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा के नाम भी शामिल हैं. इनका संबंध बब्बर खालसा से बताया गया है.
इसके अलावा रंजीत सिंह उर्फ नीता और परमजीत सिंह पम्मा को खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से जुड़े वांटेड लोगों की सूची में रखा गया है.
संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने की अपील
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या वांटेड आतंकी के बारे में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए.
पुलिस की ओर से सूचना देने वाले लोगों के लिए इनाम की घोषणा भी की गई है. सुरक्षा एजेंसियां स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए लगातार निगरानी और जांच अभियान चला रही हैं.