JPSC Exam Cancellation: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा में सरकार का रुख स्पष्ट किया है. मुख्यमंत्री ने 14वीं JPSC की प्रारंभिक परीक्षा (PT) और JPSC बैकलॉग की परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की है. इसके साथ ही कई अन्य परीक्षाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने का भी फैसला लिया गया है.
14वीं JPSC PT और बैकलॉग परीक्षा रद्द
मुख्यमंत्री के मुताबिक 14वीं JPSC की प्रारंभिक परीक्षा के अलावा बैकलॉग से जुड़ी JPSC परीक्षाएं भी रद्द की जाएंगी. वहीं 11वीं और 13वीं JPSC परीक्षा की प्रक्रिया की भी जांच कराई जाएगी.
इसके अलावा FRO, APP और TDPL से जुड़ी परीक्षाओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है. सरकार अब इन परीक्षाओं में सामने आए सवालों और कथित अनियमितताओं की विस्तृत समीक्षा करेगी.
JSSC CGL पर भी जांच का असर
सरकार के फैसले के बाद बहुचर्चित JSSC CGL परीक्षा भी जांच के दायरे में आ गई है. इसकी वजह यह है कि परीक्षा संचालन में TDPL की भूमिका रही थी. ऐसे में TDPL द्वारा कराई गई परीक्षाओं की जांच के फैसले में JSSC CGL भी शामिल मानी जा रही है.
छात्र आंदोलन के बीच सरकार का बड़ा कदम
भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर राज्य में लंबे समय से छात्र आंदोलन कर रहे हैं. विपक्ष भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरता रहा है. इसी पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री ने विधानसभा में सरकार की ओर से परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव के संकेत दिए.
हेमंत सोरेन ने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा. सरकार परीक्षा प्रक्रिया में मौजूद कमियों को दूर करने और व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम उठाएगी.
IIT, IIM और XLRI के विशेषज्ञों से ली जाएगी सलाह
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की परीक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी. इसके लिए IIT, IIM और XLRI जैसे संस्थानों से तकनीकी और प्रशासनिक सुझाव लेने की योजना है. इन विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर ऐसी परीक्षा व्यवस्था तैयार करने का लक्ष्य है, जिसमें पारदर्शिता बढ़े और भविष्य में प्रश्नपत्र लीक या अन्य अनियमितताओं की संभावना को कम किया जा सके.