Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-11

Jamshedpur Crime News: गोविंदपुर में 3.865 किलो गांजा और बोलेरो के साथ डुमरिया का युवक गिरफ्तार, ओडिशा के क्योंझर से लाया था खेप

Jamshedpur: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3.865 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गांजा के अलावा एक सफेद बोलेरो भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 33 वर्षीय माधव कर्मकार के रूप में हुई है। वह डुमरिया थाना क्षेत्र के तुरीगोड़ा का रहने वाला बताया गया है।

खकड़ीपाड़ा रोड पर पुलिस ने पकड़ी बोलेरो
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की शाम करीब 8:30 बजे सूचना मिली थी कि खकड़ीपाड़ा से अश्वनी चौक जाने वाले रास्ते के आसपास एक व्यक्ति बोलेरो में गांजा लेकर बिक्री की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की। इसके बाद अश्वनी चौक से खकड़ीपाड़ा जाने वाली सड़क के पास संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 3.865 किलोग्राम गांजा बरामद होने के बाद उसमें सवार माधव कर्मकार को गिरफ्तार कर लिया गया।



क्योंझर से गांजा लाने की बात सामने आई
पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने गांजा ओडिशा के क्योंझर से लाने की जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि वह जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था। पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

गांजा के साथ बोलेरो जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 3.865 किलोग्राम गांजा और सफेद बोलेरो, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH05J7070 है, जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को मिली सूचना के बाद उनके निर्देश पर कार्रवाई की गई। विशेष टीम में पुलिस उपाधीक्षक नगर संजीव कुमार, टेल्को-गोविंदपुर अंचल के अंचल निरीक्षक मो. कुटुस, गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक चन्द्रशेखर पिंघुआ और संजय कुमार राय, सहायक अवर निरीक्षक महादेव उरांव के अलावा गोविंदपुर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !