Adityapur: JSSC और JPSC परीक्षाओं में कथित धांधली तथा प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर सोमवार को हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के राज्यव्यापी बंद का मंगलवार को आदित्यपुर में भी असर देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए RIT मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क से हटाया।
परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन
छात्र JSSC और JPSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस की कार्रवाई में कई छात्रों के घायल होने का दावा किया गया। भाजपा ने इस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया था।
सरकार के खिलाफ नारेबाजी
बंद के दौरान भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही आदित्यपुर के विभिन्न इलाकों में सक्रिय रहे। प्रदर्शनकारियों ने "छात्र विरोधी सरकार मुर्दाबाद" और "धांधली बंद करो" जैसे नारे लगाए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवाओं की समस्याओं को सुनने के बजाय उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा बताया।
प्रमुख स्थानों पर पुलिस रही तैनात
बंद को देखते हुए आदित्यपुर थाना पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ गश्त भी की गई, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। आदित्यपुर में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। कुछ दुकानें देर से खुलीं, जबकि अधिकांश बाजार सामान्य रूप से संचालित होते रहे। स्कूल-कॉलेज और सरकारी कार्यालयों में भी सामान्य रूप से कामकाज जारी रहा।