Latehar News : लातेहार पुलिस ने बालूमाथ थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए PLFI के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लालदेश्वर यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय भवन का निर्माण करा रहे ठेकेदार से लेवी की मांग की थी। ठेकेदार द्वारा लेवी देने से इनकार करने के बाद आरोपी कथित तौर पर कार्यस्थल पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की तैयारी में था। हालांकि, पुलिस को इसकी भनक पहले ही लग गई और उसकी योजना नाकाम कर दी गई।
पुलिस को देखते ही बाइक से भागने लगे दो युवक
बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया था। टीम तत्काल निर्माण स्थल पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बाइक सवार दो युवक मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर बाइक चालक को पकड़ लिया, जबकि बाइक पर पीछे बैठा युवक भागने में सफल रहा। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम लालदेश्वर यादव बताया।
PLFI कमांडर के कहने पर लेवी मांगने का दावा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने कथित तौर पर PLFI कमांडर बादल यादव उर्फ पवन जी उर्फ दिलीप यादव के कहने पर ठेकेदार से लेवी की मांग की थी। आरोपी के अनुसार, लेवी नहीं मिलने पर निर्माण स्थल पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने मौके से हथियार और कारतूस बरामद कर लिए हैं। मामले में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।