Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के मानगो थाना पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर महिला का शारीरिक शोषण करने और पैसे की ठगी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिवेन्दु दास रॉय के रूप में हुई है. पुलिस ने रविवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
पुलिस के अनुसार, महिला की ओर मामला दर्ज किया गया था. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर महिला का शारीरिक शोषण किया और उससे पैसे भी लिए.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मिले साक्ष्यों और शिकायत से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की. अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने दिवेन्दु दास रॉय को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के कोर्टशिला थाना में भी मामला दर्ज है. यह मामला वर्ष 2024 में दर्ज किया गया था और इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 498A तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं शामिल हैं.
मानगो थाना पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और मौजूदा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है.