Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-09

Jamshedpur News: सिदगोड़ा में मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस; जल, जंगल, जमीन की रक्षा और नशामुक्ति का दिया गया संदेश

Jamshedpur News: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सिदगोड़ा के बिरसा मुंडा टाउन हॉल में जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह और परिसंपत्ति वितरण का भव्य आयोजन हुआ. इस दौरान आदिवासी समुदाय की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास की मनमोहक झलक देखने को मिली. कार्यक्रम के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभुकों के बीच 20 करोड़ रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों और योजनाओं का वितरण किया गया. इस समारोह में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान, उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.


बिरसा मुंडा समेत वीर आदिवासी नायकों के संघर्ष को किया याद

कार्यक्रम की शुरुआत बिरसा मुंडा और शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित करके हुई. उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि यह आदिवासी समाज की परंपरा और ऐतिहासिक विरासत को याद करने का एक मौका है. उन्होंने युवाओं को जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने और शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के साथ जुड़े रहने की सलाह दी. एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने युवाओं से संस्कृति और परंपराओं को बरकरार रखने और शिक्षा, लक्ष्य और नशामुक्ति के सामाजिक मुद्दों के प्रति गंभीर रहने की अपील की.


नाटक, पाईका और छऊ नृत्य ने बांधा समां

कार्यक्रम में बिरसा मुंडा के जीवन और अंग्रेजी शासन के खिलाफ उनके आंदोलन पर आधारित नाटक का मंचन किया गया. पाईका और छऊ नृत्य की प्रस्तुतियां लोगों को बहुत पसंद आईं. फोटो गैलरी में आदिवासी वीरों के योगदान दिखाए गए. खेल, साहित्य, फिल्म और पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय कार्य करने वालों और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.


कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत छात्रवृत्ति, साइकिल, वनपट्टा, पेंशन स्वीकृति पत्र, श्रवण यंत्र, अनुदान और सोलर पंप जैसे लाभ दिए गए. कार्यक्रम के अंत में पौधारोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. इस आयोजन के माध्यम से आदिवासी समाज की वीरता, संस्कृति, स्वाभिमान और प्रकृति संरक्षण की परंपरा को सम्मान देते हुए नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया गया.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !