Dhanbad News: धनबाद के कतरास में छाताबाद में शुक्रवार को भू-धंसान हुआ. जिसके बाद शनिवार को यानि आज धनबाद के सांसद ढुलू महतो प्रभावित इलाके का दौरा करने गए. इस हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा घर धंस गए और कई घरों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं. सांसद को पीड़ितों से मिलने जाने पर स्थानीय लोगों का विरोध भी झेलना पड़ा.
सांसद ने BCCL और प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
सांसद ने कहा कि BCCL और प्रशासन ने लापरवाही बरती है. उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद यह बात कही. सांसद ने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सबसे पहले होनी चाहिए. उन्होंने पीड़ितों को जल्द से जल्द सुरक्षित जगह पर पहुंचाने और जरूरी चीजें देने का वादा भी किया.
सांसद के दौरे के दौरान महिलाओं ने किया विरोध
सांसद के दौरे के दौरान कुछ महिलाएं उनके सामने आ गईं और विरोध करने लगीं. सुरक्षाकर्मियों ने बीच में आकर महिलाओं को हटाया. इस दौरान वहां काफी गहमागहमी हो गई. कुछ लोगों ने गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के खिलाफ नारे भी लगाए.
इस हादसे के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल है. प्रभावित परिवारों को सुरक्षित जगह नहीं मिल पा रही है और वे प्रशासन से जल्द राहत और पुनर्वास की मांग कर रहे हैं. फिलहाल, लोग प्रभावित इलाके की स्थिति और राहत के इंतजाम पर नजर बनाए हुए हैं.