JPSC JSSC Talks: JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों और झारखंड सरकार के बीच शुक्रवार शाम पहली औपचारिक वार्ता हुई. मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में सरकार की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका सिंह और चमरा लिंडा शामिल हुए, जबकि छात्रों के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगें सरकार के सामने रखीं.
इस बैठक में छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रणाली में सुधार और अन्य मांगों पर विस्तार से अपना पक्ष रखा. मंत्रियों ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातें सुनीं और उन पर विचार करने का भरोसा दिया.
बैठक के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि छात्रों की सभी मांगों को गंभीरता से सुना गया है. सरकार की ओर से गठित समिति इन मांगों पर विचार करेगी और आगे आवश्यक निर्णय लिया जाएगा.
वहीं, वार्ता के बाद बाहर आए छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार ने उनकी बात जरूर सुनी है, लेकिन अभी तक किसी मांग पर ठोस निर्णय नहीं हुआ है. ऐसे में आंदोलन फिलहाल जारी रहेगा और अगली रणनीति छात्रों की सामूहिक बैठक के बाद तय की जाएगी.
इससे पहले दिन में रांची के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे थे, जहां उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया था कि सरकार से वार्ता के लिए बनने वाले प्रतिनिधिमंडल में किसी भी राजनीतिक दल या बाहरी व्यक्ति को शामिल नहीं किया जाए और केवल छात्र ही सरकार के साथ बातचीत करें.
इसके बाद आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने 10 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल का गठन किया और इसकी जानकारी सरकार को दी. प्रतिनिधिमंडल की सूची मिलने के बाद सरकार की ओर से शाम को वार्ता के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच यह अहम बैठक संपन्न हुई.