Jamshedpur: जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में एक कबाड़ व्यवसायी के साथ मारपीट और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले कुछ लोगों ने पहले उसकी दुकान की तलाशी ली और बाद में उसे जबरन अपने साथ ले जाकर मारपीट की। मामले को लेकर उलीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।
खुद को पुलिस बताकर दुकान में की तलाशी
पीड़ित प्रेमचंद्र गुप्ता के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह शंकोसाई रोड नंबर-5 स्थित अपनी कबाड़ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान सिविल ड्रेस में आठ लोग वहां पहुंचे। उन्होंने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए दुकान की जांच शुरू कर दी और आरोप लगाया कि दुकान में चोरी का कबाड़ रखा गया है।
मारपीट कर जेब से नकदी निकालने का आरोप
प्रेमचंद्र का कहना है कि दुकान की तलाशी में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिलने के बावजूद सभी लोग उन्हें जबरन कार में बैठाकर गोरखपुर स्थित एक स्टील ट्रेडर्स के परिसर में ले गए। पीड़ित का आरोप है कि वहां उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की गई। इस दौरान उनकी जेब में रखे करीब पांच हजार रुपये भी छीन लिए गए। किसी तरह मौके से निकलकर उन्होंने अपनी जान बचाई और सीधे थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।
आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत
प्रेमचंद्र गुप्ता ने घटना को लेकर आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ उलीडीह थाना में लिखित शिकायत दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के साक्ष्य एवं अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।