Ranchi Road Project: राजधानी रांची में एक नई सड़क परियोजना पर काम शुरू हो गया है, जो ब्रांबे, ठाकुरगांव और इटाहे को जोड़ेगी. झारखंड सरकार ने इस परियोजना के लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस सड़क के निर्माण के लिए रातू, मांडर और बुर्मू प्रखंड के कई गांवों की जमीन ली जाएगी.
सरकार के नोटिस के अनुसार, इस परियोजना के लिए सेवादीह, मुरुमगड़ा, इटाहे, कन्नौज, टिकोटोली, बनापीरी, चुंड, ब्रांबे और जाहेर गांवों की जमीन चिह्नित की गई है. सड़क निर्माण की जरूरत के हिसाब से प्रत्येक गांव से अलग-अलग जमीन ली जाएगी.
अब जिला प्रशासन की अनुमति के बिना इन जमीनों की खरीद, बिक्री या हस्तांतरण नहीं किया जा सकता है. सरकार ने प्रभावित जमीन मालिकों को अपनी आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया है. अगर किसी को नोटिस या जमीन अधिग्रहण पर आपत्ति है, तो वह 60 दिनों के भीतर रांची के जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के सामने अपना पक्ष रख सकता है. इस परियोजना से संबंधित नक्शा, जमीन विवरण और अन्य दस्तावेज जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के दफ्तर में देखे जा सकते हैं.
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस परियोजना से प्रभावित सभी पात्र परिवारों को उचित मुआवजा और पुनर्वास की सुविधा दी जाएगी. यह सुविधा भूमि अधिग्रहण, पुनर्वासन एवं पुनर्स्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013 के प्रावधानों के तहत दी जाएगी.