Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-06

Palamu Crime News: बेटी की मौत के बाद अंधविश्वास में पड़ोसी की हत्या, पलामू पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा

Palamu: पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के मुरमा कला गांव में डायन-बिसाही के अंधविश्वास ने एक व्यक्ति की जान ले ली। आरोप है कि बच्ची की मौत के बाद पड़ोसी पर जादू-टोना करने का शक जताते हुए कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें चनका रजवार की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बेटी की मौत के बाद भड़का विवाद
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रभु रजवार की 8 वर्षीय बेटी की 2 अगस्त को मौत हो गई थी। बच्ची की मौत से परेशान प्रभु रजवार एक भगत के पास पहुंचा, जहां उसे कथित रूप से यह बताया गया कि पड़ोस में रहने वाली ललिता देवी और चनका रजवार की पत्नी दुर्गा देवी के कारण उसकी बेटी की मौत हुई है। भगत की बात पर विश्वास करने के बाद प्रभु रजवार और उसके परिवार के सदस्यों ने दोनों महिलाओं पर आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।

टांगी और लाठी से किया हमला, मौके पर गई जान
पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने चनका रजवार और उनके परिवार पर टांगी, फरसा और लाठी से हमला कर दिया। इस हमले में चनका रजवार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं।

पुलिस ने पांचों आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद उंटारी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के परिजन नंदू रजवार के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में प्रभु रजवार, झुबली देवी, गुड्डन रजवार, विमलेश रजवार और सीताराम रजवार शामिल हैं। सभी आरोपी मुरमा कला गांव के लकड़ही टोला के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई खून लगी टांगी और बांस की लाठी भी बरामद की है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !