West Singhbhum News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा बाजार से चोरी का एक अजीब मामला सामने आया है. बुधवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक बेकरी को अपना निशाना बनाया. दुकान में जब चोरों को कोई नकदी या मोटा माल हाथ नहीं लगा, तो उन्होंने वहां रखे महंगे केक और चॉकलेट्स पर ही हाथ साफ कर दिया और उन्हें जमकर खाया. इसके बाद बचा-खुचा सामान समेटकर वे रफूचक्कर हो गए. इस अजीबोगरीब वारदात की खबर सामने आते ही पूरे इलाके में इसकी चर्चा बनी हुई है.
शटर कटा देख उड़े व्यापारी के होश
घटना का खुलासा गुरुवार सुबह उस वक्त हुआ, जब बेकरी संचालक मदन गुप्ता अपनी दुकान खोलने पहुंचे. शटर को कटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए. दुकान के भीतर जाने पर उन्होंने पाया कि गल्ले में नकदी तो नहीं थी, लेकिन काउंटर में रखे केक, पेस्ट्री और चॉकलेट्स गायब थे. पीड़ित व्यापारी ने बिना देर किए तुरंत इसकी सूचना बड़ाजामदा पुलिस स्टेशन को दी. जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का मुआयना किया.
CCTV कैमरे में कैद हुए तीन संदिग्ध, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुकान के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें तीन युवक बेकरी में घुसते और वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए. पुलिस फुटेज की मदद से आरोपियों के चेहरों की शिनाख्त करने में जुटी हुई है. बड़ाजामदा पुलिस का कहना है कि संदिग्धों के हुलिए के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच जारी है.
नशेड़ियों पर जताया जा रहा शक, पुलिस बोली- जांच जारी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से बड़ाजामदा और आसपास के इलाकों में छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में अचानक इजाफा हुआ है. स्थानीय लोगों को आशंका है कि नशे की लत को पूरा करने के लिए कुछ स्थानीय युवक ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. हालांकि, पुलिस प्रशासन ने कहा है कि बिना ठोस सबूतों के किसी निष्कर्ष पर पहुँचना सही नहीं होगा. पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.