Seraikela: कोल्हान और सारंडा के जंगलों में लंबे समय से सक्रिय माओवादी संगठन को पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा झटका लगा है। विशेष अभियान के दौरान कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह कार्रवाई संगठन के नेटवर्क और गतिविधियों पर बड़ा असर डालेगी।
तीन बड़े चेहरे एक साथ गिरफ्त में
गिरफ्तार नक्सलियों में सबसे बड़ा नाम मदन महतो उर्फ शंकर का है, जिस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार वह पिछले करीब 25 वर्षों से माओवादी गतिविधियों में सक्रिय था। झारखंड और पश्चिम बंगाल में उसके खिलाफ 41 से अधिक मामले दर्ज हैं। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, कई बड़े नक्सली हमलों और 62 सुरक्षाकर्मियों की शहादत से जुड़े मामलों में भी उसकी भूमिका रही है।
दूसरा गिरफ्तार नक्सली बरिन सिंह उर्फ सागर है, जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम था। संगठन के भीतर उसे रणनीतिक भूमिका निभाने वाला सदस्य माना जाता था। वह हमलों की योजना तैयार करने, दस्तों का संचालन करने और नए कैडरों को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी संभालता था।
तीसरी आरोपी मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया है, जिस पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार मीना संगठन की विस्फोटक विशेषज्ञ थी और IED, लैंडमाइन तैयार करने, विस्फोटक लगाने तथा रसद आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल रहती थी।
हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के कब्जे से AK-47 राइफल, इंसास राइफल, एक पिस्टल, कॉर्डेक्स वायर और करीब 250 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सभी हथियार और गोला-बारूद जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
एक करोड़ के इनामी नक्सली तक पहुंचने की तैयारी
सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार नक्सलियों के तार एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। अब सुरक्षा एजेंसियों का फोकस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर है।
खुफिया सूचना के बाद चला विशेष अभियान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में माओवादी संगठन आर्थिक संकट से जूझ रहा था और लेवी वसूली बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच मिली सटीक खुफिया सूचना के आधार पर आईजी ऑपरेशन के स्तर पर रणनीति तैयार की गई। इसके बाद पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने जंगल क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर तीनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया।
अभियान रहेगा जारी
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि मजबूत खुफिया तंत्र और सुरक्षा बलों के बेहतर समन्वय के कारण वर्षों से फरार इनामी नक्सलियों तक पहुंचना संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर आने वाले दिनों में भी नक्सल नेटवर्क के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।