Ranchi News : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी आंदोलन के समर्थन में झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के विधायकों ने विधानसभा परिसर में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

पोस्टर, बैनर और "रेट चार्ट" के साथ सरकार पर हमला
विपक्षी विधायक हाथों में पोस्टर, बैनर और कथित "रेट चार्ट" लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और युवाओं का भविष्य दांव पर लगा हुआ है।
विधायकों ने "हेमंत सरकार होश में आओ", "छात्रों की सीट बेचना बंद करो", "नौकरी बेचना बंद करो" और "भ्रष्ट अधिकारियों को जेल भेजो" जैसे नारे लगाए। उन्होंने सरकार से JPSC और JSSC से जुड़े सभी विवादों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा योग्य अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।
सत्र के पहले दिन भर्ती परीक्षा का मुद्दा छाया, सदन की कार्यवाही कल तक स्थगित
NDA नेताओं ने कहा कि राज्य के हजारों छात्र लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय मामले को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
विधानसभा परिसर में हुए इस प्रदर्शन से मानसून सत्र के पहले ही दिन राजनीतिक माहौल गर्म रहा और भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा सदन के भीतर और बाहर प्रमुख विषय बन गया। वहीं, झारखंड विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार 7 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।