Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-05

Mumbai Terror Alert: मुंबई में संभावित आतंकी हमले की चेतावनी वाली सोशल मीडिया पोस्ट से हड़कंप, मुंबई पुलिस की साइबर टीम जांच में जुटी

Mumbai Terror Alert: सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में मुंबई समेत देश के कई हिस्सों में संभावित आतंकी हमले का दावा किए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. मुंबई पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट में किया गया दावा कितना विश्वसनीय है और इसके पीछे किसकी भूमिका है.

एक्स पोस्ट ने बढ़ाई चिंता
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, “Astro Prashnath” नाम के एक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से एक पोस्ट साझा की गई थी. पोस्ट में दावा किया गया कि अगस्त 2026 के दौरान भारत को बड़े सुरक्षा खतरे का सामना करना पड़ सकता है. इसमें विशेष रूप से 9 से 18 अगस्त के बीच संभावित आतंकी हमले की आशंका जताई गई थी.

पोस्ट वायरल होने के बाद पुलिस ने उसकी सत्यता की जांच शुरू कर दी है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान क्या है और उसके दावों के पीछे कोई ठोस आधार है या नहीं.

पुलिस को टैग होने के बाद शुरू हुई जांच
बताया जा रहा है कि यह मामला तब मुंबई पुलिस के संज्ञान में आया, जब TStark86 V1 नाम के एक अन्य एक्स यूजर ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए मुंबई पुलिस को टैग किया.

इसके बाद पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी. साइबर पुलिस को पोस्ट के स्रोत, अकाउंट संचालक और उसके उद्देश्य की जांच का जिम्मा सौंपा गया है. यह भी जांच की जा रही है कि पोस्ट किसी वास्तविक इनपुट पर आधारित थी या केवल अफवाह फैलाने के इरादे से साझा की गई.

अफवाहों से बचने की अपील
मुंबई पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट जानकारियों पर भरोसा न करें. पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी तरह के विशेष सुरक्षा खतरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

अधिकारियों ने नागरिकों से केवल सरकारी और आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर विश्वास करने को कहा है. साथ ही चेतावनी दी है कि बिना पुष्टि के संदेशों को आगे बढ़ाना या अफवाह फैलाना लोगों में अनावश्यक डर और भ्रम पैदा कर सकता है.



जांच जारी, अभी खतरे की पुष्टि नहीं
मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पोस्ट की हर पहलू से जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल किसी भी संभावित आतंकी खतरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !