Seraikela: राष्ट्रीय गैर संचारी रोग (NCD) कार्यक्रम के तहत सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, सरायकेला में एक दिवसीय मुख एवं दंत स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) और राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत भी छात्राओं को विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर जानकारी दी गई।
शिविर में सदर अस्पताल की दंत चिकित्सक एवं दंत स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम ने 120 छात्राओं के दांत और मुख की स्वास्थ्य जांच की। जांच के साथ ही छात्राओं को सही तरीके से ब्रश करने, मुख की स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार अपनाने तथा दंत रोगों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए गए। विशेषज्ञों ने समय पर जांच और उपचार के महत्व पर भी जोर दिया।
तंबाकू के दुष्प्रभावों से कराया अवगत
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आयोजित सत्र में छात्राओं को गुटखा, खैनी, पान मसाला, बीड़ी और सिगरेट जैसे तंबाकू उत्पादों से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। बताया गया कि इनका सेवन मुख कैंसर, फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग समेत कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। छात्राओं से स्वयं तंबाकू से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का भी आयोजन हुआ, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, सामान्य लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी गई।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिलाई शपथ
शिविर के समापन पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और छात्राओं को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सदर अस्पताल, सरायकेला की दंत चिकित्सक, दंत स्वास्थ्य विज्ञानी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के परामर्शी, समाजसेवी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य विद्यालय कर्मी उपस्थित रहे।