Seraikela: जनगणना-2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण 4 अगस्त से 7 अगस्त तक चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। अपर उपायुक्त सह जिला जनगणना पदाधिकारी जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में चार्ज पदाधिकारियों और क्षेत्र कर्मियों को जिला जनगणना हस्तपुस्तिका, निर्धारित प्रपत्रों, कार्यप्रणाली तथा तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण का उद्देश्य मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करना है।
पहले दिन 58 क्षेत्र कर्मियों ने लिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के पहले दिन सरायकेला, कुचाई प्रखंड और शहरी क्षेत्र के कर्मियों ने भाग लिया। इसमें सरायकेला के 174 गांवों के लिए 35, कुचाई के 100 गांवों के लिए 20 तथा शहरी क्षेत्र के तीन वार्डों के लिए तीन क्षेत्र कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। पहले दिन कुल 58 क्षेत्र कर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण सत्र का संचालन जनगणना निदेशालय, झारखंड के निर्देशानुसार किया गया। इस दौरान एडीसीओ राम भास्कर द्विवेदी और एसआईजी-II अर्जुन राम ने प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़ी प्रक्रियाओं, अभिलेखों के संधारण और फील्ड कार्य के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
अगले तीन दिनों का प्रशिक्षण कार्यक्रम तय
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त को ईचागढ़, चांडिल और कुकड़ू, 6 अगस्त को खरसावां और गम्हरिया तथा 7 अगस्त को राजनगर और नीमडीह प्रखंड के क्षेत्र कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। अपर उपायुक्त ने सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने अधीनस्थ क्षेत्र कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनगणना का प्रथम चरण निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।