Jharkhand Assembly Monsoon Session 2026: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त 2026 यानी कल से शुरू होगा, जो की 12 अगस्त तक चलेगा. पांच कार्य दिवस वाले इस सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा. सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 का प्रथम अनुपूरक बजट पेश किए जाने की संभावना है. वहीं, JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा सदन में प्रमुख राजनीतिक विषय बन सकता है.
पहले दिन रहेगा राज्यपाल का अभिभाषण
मानसून सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी. इसके बाद अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, प्रश्नकाल, शून्यकाल और सरकारी कार्यों पर चर्चा होगी. सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का प्रथम अनुपूरक बजट भी सदन में पेश कर सकती है.
JPSC-JSSC मुद्दे पर विपक्ष रहेगा आक्रामक
विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि वह JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को प्रमुखता से उठाएगा. प्रश्नकाल, शून्यकाल और विभिन्न चर्चाओं के दौरान भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता, जांच की प्रगति और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा.
विपक्ष का दावा है कि भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं. वहीं सरकार का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
इन मुद्दों पर भी हो सकती है बहस
मानसून सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, विकास योजनाएं, वित्तीय प्रबंधन और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चर्चा होने की संभावना है. सत्र के सुचारू संचालन को लेकर विधानसभा अध्यक्ष भी बुधवार को बैठक करेंगे.
सरकार ने तैयारी पूरी होने का किया दावा
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का तथ्यों के साथ जवाब देने के लिए तैयार है. उनके अनुसार, विधानसभा लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण मंच है और सरकार जनता से जुड़े सभी मुद्दों पर अपनी बात रखने के लिए तैयार है.
कांग्रेस और भाजपा की रणनीति बैठक
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि विधानसभा का उद्देश्य जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा करना है. उन्होंने बताया कि सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी. वहीं, भाजपा भी अपने विधायकों के साथ बैठक कर सत्र की रणनीति तय करेगी.
भाजपा ने दिए सरकार को घेरने के संकेत
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि पार्टी मानसून सत्र में JPSC, युवाओं के रोजगार, भर्ती प्रक्रिया और अन्य जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी. उन्होंने कहा कि इन विषयों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा.
सत्ता पक्ष और विपक्ष बना रहे रणनीति
मानसून सत्र से पहले सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने विधायकों के साथ बैठक कर रहे हैं. इन बैठकों में सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों, सरकार की रणनीति और विपक्ष की तैयारी पर चर्चा की जा रही है.
6 अगस्त से शुरू होने वाला झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. JPSC-JSSC भर्ती विवाद सहित कई जनहित के मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है. सत्र के दौरान उठने वाले सवालों और सरकार के जवाब पर सभी की नजर रहेगी.