Current News : तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन एक रैली के दौरान अभिनेत्री तृषा को लेकर दिए गए कथित अभद्र बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, उनके हिरासत में लिए जाने की खबरें भी सामने आई हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
उदयनिधि स्टालिन ने आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा और किसी का नाम नहीं लिया। उनका कहना है कि उनके खिलाफ की गई कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने अग्रिम जमानत के लिए मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया है।
रैली के दौरान कथित टिप्पणी पर बढ़ा विवाद, विपक्ष ने साधा निशाना
बताया जा रहा है कि कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक रैली के दौरान उदयनिधि स्टालिन भीड़ को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ द्वारा अभिनेत्री तृषा का नाम लिए जाने पर उन्होंने कथित तौर पर द्विअर्थी टिप्पणी और अभद्र इशारा किया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
इस मामले में उनके खिलाफ BNS की धारा 196, 192, 352, 79, 296(B), 61 और 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उदयनिधि के कथित बयान को लेकर तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि इस तरह की भाषा महिलाओं के प्रति गलत सोच को दर्शाती है और सार्वजनिक जीवन में इसकी कोई जगह नहीं होनी चाहिए। वहीं, TVK के प्रवक्ता फेलिक्स जेराल्ड ने भी सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाते हुए उदयनिधि की आलोचना की है।