JPSC Exam Irregularities: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के विरोध में छात्र आंदोलन को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का समर्थन मिला है. उन्होंने आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए इसे संवेदनहीन बताया.
बारिश में रातभर खुले आसमान के नीचे बैठे रहे छात्र
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हजारों छात्र पूरी रात तेज बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे रहे. इसके बावजूद जिला प्रशासन ने उन्हें टेंट लगाने की अनुमति नहीं दी. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं है.
मुख्य सचिव से की हस्तक्षेप की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर राज्य के मुख्य सचिव से बात की है. उन्होंने मांग की है कि आंदोलन स्थल पर छात्रों को तुरंत टेंट लगाने की अनुमति दी जाए, ताकि उन्हें बारिश और अन्य परेशानियों से राहत मिल सके.
जरूरत पड़ी तो खुद लगाएंगे टेंट
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि सरकार इसके बाद भी अनुमति नहीं देती है, तो वह स्वयं आंदोलन स्थल पहुंचेंगे. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो श्रमदान कर छात्रों का टेंट लगाने में भी सहयोग करेंगे.
छात्रों के साथ संवेदनशीलता दिखाए सरकार
उन्होंने कहा कि छात्र राज्य और देश का भविष्य हैं. ऐसे में सरकार को उनके आंदोलन को गंभीरता से लेना चाहिए और धरना स्थल पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए.