Jharkhand: जेपीएससी मेधा घोटाला मामले की जांच में सीआईडी ने बड़ा कदम उठाया है। जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने झारखंड सहित अन्य राज्यों में जुड़े करीब 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। कार्रवाई को लेकर संबंधित इलाकों में हलचल तेज हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, सीआईडी की टीमें झारखंड के रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद समेत कई जिलों में जांच कर रही हैं। छापेमारी के दौरान टीम दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को जुटाने में लगी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, सीआईडी की कार्रवाई जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े लोगों, बिचौलियों और परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी टीडीपीएल के संभावित ठिकानों पर केंद्रित है। जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर इन स्थानों को चिन्हित किया गया था।
लंबी जांच के बाद तेज हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि सीआईडी पिछले कई दिनों से मामले की जांच कर रही थी। इसी क्रम में संदिग्ध गतिविधियों और संबंधित लोगों से जुड़े ठिकानों की जानकारी जुटाई गई, जिसके बाद सोमवार को एक साथ छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई। फिलहाल सीआईडी की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि छापेमारी में टीम को क्या-क्या महत्वपूर्ण जानकारी या साक्ष्य मिले हैं। मामले से जुड़े हर अपडेट पर नजर बनी हुई है।