Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित असंगी चेक डैम में रविवार को नहाने के दौरान एनआईटी जमशेदपुर के चौथे वर्ष के मेटालर्जी विभाग के छात्र मीर हसन तनवीर के डूबने की घटना सामने आई है. सूचना मिलने के बाद सोमवार सुबह से एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने छात्र की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है.
घटना के बाद छात्रों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद रविवार को एनआईटी के छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन और जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. छात्रों ने मृतक छात्र के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, सर्च अभियान में तेजी लाने और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि पिछले छह महीनों में असंगी चेक डैम में यह तीसरी या चौथी बड़ी घटना है. उनका कहना है कि पहले भी यहां कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और लाइफगार्ड जैसी बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की.
स्थानीय लोगों ने भी उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि गर्मी और छुट्टियों के दौरान हर दिन बड़ी संख्या में युवक चेक डैम में नहाने पहुंचते हैं, लेकिन वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है.