Bokaro News : बोकारो पुलिस द्वारा चलाए जा रहे समकालीन अभियान के तहत बीती रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 13 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसकी जानकारी मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आई है। वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
संदिग्धों और वाहनों की सघन जांच पर भी पुलिस का जोर
डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच, वारंटों का निष्पादन तथा अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
बालीडीह थाना ने सबसे अधिक चार वारंटियों को दबोचा
अभियान के दौरान चास थाना ने 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। वहीं पिंड्राजोरा थाना ने 2, चास (महिला) थाना ने 1, बरमसिया ओपी ने 1, बालीडीह थाना ने सबसे अधिक 4, चतरोचट्टी थाना ने 1 तथा बीएस सिटी थाना ने 1 अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।