Ramayana Movie Cast Fees: बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही भव्य फिल्म “रामायण” (Ramayana) इस समय भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक बनी हुई है. लगभग 4,000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में तैयार हो रहे इस मेगा प्रोजेक्ट को दो बड़े भागों में रिलीज किया जाएगा. फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा. भव्य स्टारकास्ट के बाद अब फिल्म के मुख्य कलाकारों की चौंकाने वाली फीस की रिपोर्ट्स सामने आई हैं.
भगवान राम बने रणबीर कपूर को मिले 150 करोड़, रावण का किरदार निभा रहे यश की फीस 100 करोड़
सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर सबसे ज्यादा फीस पाने वाले अभिनेता बन गए हैं. उन्होंने दोनों पार्ट के लिए 75-75 करोड़ रुपये, यानी कुल 150 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं. वहीं, लंकापति रावण का किरदार निभा रहे दक्षिण भारतीय सुपरस्टार यश (जो फिल्म के सह-निर्माता भी हैं) को हर पार्ट के लिए 50 करोड़ रुपये के हिसाब से दोनों फिल्मों के लिए कुल 100 करोड़ रुपये की फीस दी जा रही है.
हनुमान बने सनी देओल को 40 करोड़ तो माता सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी को मिलेंगे 12 करोड़
फिल्म में भगवान हनुमान की ताकतवर भूमिका में नजर आने वाले सनी देओल को प्रति पार्ट 20 करोड़ रुपये यानी दोनों पार्ट्स के लिए कुल 40 करोड़ रुपये मिल रहे हैं. वहीं, जगज्जननी माता सीता का रोल निभा रहीं अभिनेत्री साई पल्लवी को प्रति पार्ट 6 करोड़ रुपये (कुल 12 करोड़ रुपये) दिए जा रहे हैं. इसके अलावा, लक्ष्मण का किरदार निभा रहे टीवी व फिल्म अभिनेता रवि दुबे को दोनों पार्ट्स के लिए कुल 20 करोड़ रुपये की फीस मिलने का दावा किया जा रहा है.
विवेक ओबेरॉय ने नहीं ली कोई फीस, अरुण गोविल और लारा दत्ता भी अहम रोल में
स्टारकास्ट की इस लिस्ट में सबसे दिलचस्प बात यह सामने आई है कि विद्युतजिह्वा का किरदार निभा रहे अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने इस ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए कोई फीस नहीं ली है. इनके अलावा पौराणिक टीवी सीरियल में राम बने अरुण गोविल, लारा दत्ता, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, शोभना और फैसल मलिक जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे, हालांकि उनकी फीस का आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है.