Adityapur: आदित्यपुर थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्क्रैप लदे दो मालवाहक वाहनों को जब्त किया है। इस मामले में दोनों वाहनों के चालकों को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया और आसपास के क्षेत्रों में बिना वैध दस्तावेजों तथा संदिग्ध कागजात के आधार पर स्क्रैप की ढुलाई की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मेकर्स कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड परिसर के समीप छापेमारी की।
दो स्क्रैप लदे वाहन जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्क्रैप लदे 407 वाहन (JH-05AL-6047) और एक छोटा हाथी वाहन (JH-05AU-4216) को रोककर जांच की। जांच के दौरान दोनों वाहनों के चालक स्क्रैप परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
दो चालक गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए चालकों की पहचान बबलू कुमार (28), निवासी जमको मछुआ बस्ती, टेल्को थाना क्षेत्र तथा संतोष सरदार (27), निवासी बनता नगर, आदित्यपुर-दो, आरआईटी थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ और प्रारंभिक जांच के आधार पर दोनों वाहनों के मालिकों तथा संबंधित कंपनी के संचालक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में संलिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।