Jamshedpur News : दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी आने वाले पर्यटकों के लिए अब प्रकृति की गोद में आधुनिक सुविधाओं के साथ ठहरने का नया विकल्प उपलब्ध हो गया है। रविवार को मकुलाकोचा स्थित अत्याधुनिक इको रेस्ट हाउस का उद्घाटन राज्य के नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने किया। पूजा-अर्चना, फीता काटने और गुब्बारे उड़ाकर रेस्ट हाउस का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन समारोह में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन, वन विभाग एवं पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। उद्घाटन के साथ ही इको रेस्ट हाउस को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया।
तीन हजार पांच सौ रुपये प्रति रात्रि किराया, ऑनलाइन होगी बुकिंग
मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने अधिकारियों को तत्काल बुकिंग प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश देते हुए बताया कि पर्यटक दलमा वाइल्डलाइफ और जेटीडीसी की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इको रेस्ट हाउस का किराया तीन हजार पांच सौ रुपये प्रति रात्रि निर्धारित किया गया है, जिसमें नाश्ते की सुविधा भी शामिल रहेगी।
इको-टूरिज्म से बढ़ेंगे रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार दलमा क्षेत्र में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से मकुलाकोचा और पिंडराबेड़ा में 15-15 कमरों वाले आधुनिक इको रेस्ट हाउस विकसित कर रही है। पिंडराबेड़ा में निर्माणाधीन हैंगिंग इको रेस्ट हाउस भी अंतिम चरण में है और जल्द ही पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।
मकुलाकोचा का यह इको रेस्ट हाउस पर्यटकों को दलमा की प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों, हरियाली और शांत वातावरण के बीच ठहरने का अनूठा अनुभव देगा। इससे राज्य में इको-टूरिज्म को नई पहचान मिलने के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया।