Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले ही कुख्यात अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सोनारी निर्मलनगर निवासी 26 वर्षीय गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी के रूप में हुई है। 31 जुलाई की शाम लगभग 7:50 बजे पुलिस को पुडिसिली चौक के पास अवैध हथियार के साथ एक संदिग्ध युवक के घूमने की खबर मिली थी। सूचना मिलते ही चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) शिव कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
आरोपी के पास से बरामद सामान
छापेमारी टीम जैसे ही पुडिसिली चौक स्थित एक होटल के पास पहुंची, वहां सड़क किनारे खड़ा युवक पुलिस वाहन को देखते ही भागने लगा। इस पर मुस्तैद पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से पीछा कर उसे घेर लिया और पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी की कमर से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की नीयत से वहां घूम रहा था।
हत्या, लूट और डकैती समेत दर्ज हैं 10 मामले
कपाली ओपी पुलिस ने इस मामले में कपाली ओपी थाना कांड संख्या 105/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी गुड्डू का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सोनारी थाना, घोड़ाबांधा थाना और कपाली ओपी क्षेत्र में हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट जैसी संगीन धाराओं में कुल 10 मामले पहले से दर्ज हैं।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
सफलतापूर्वक अंजाम दिए गए इस अभियान में चांडिल एसडीपीओ शिव कुमार, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अंशारी कच्छप और कपाली ओपी के सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल रहे।