Potka News : श्रावण मास की सोमवारी पर हरिणा मुक्तेश्वर धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शुक्रवार को पोटका के विधायक संजीव सरदार ने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पूजा-अर्चना की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रावण की प्रत्येक सोमवारी को बड़ी संख्या में पहुंचने वाले कांवरियों और शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
विधायक ने मंदिर परिसर में नियमित सफाई, भीड़ प्रबंधन और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्वक बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक और दर्शन कर सकें।
हर सोमवारी होगा भक्ति जागरण और आकर्षक झांकियों का आयोजन
विधायक संजीव सरदार के सौजन्य से इस वर्ष भी हरिणा मुक्तेश्वर धाम में श्रावण मास की प्रत्येक सोमवारी को भक्ति संगीत जागरण एवं आकर्षक धार्मिक झांकियों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर झामुमो हरिणा एवं जानमडीह पंचायत समिति के सदस्यों ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आयोजन को लेकर क्षेत्र के शिवभक्तों और स्थानीय श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। निरीक्षण के दौरान बज्रांकन दंडपात, दीपंकर सीट, भरत सरदार, रूपक बेहरा, सरोज सीट, खिरोद सीट, अमल सीट, गुनाधर कर्मकार, सूरज नायक, जनमेजय नायक, किशोर सीट, अनिरुद्ध नायक, दीपक सरदार सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।