Jamshedpur: एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर चिकित्सक डॉ सक्षम कुमार और डॉ समीर कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। डॉ समीर कुमार के पिता अजय लाल के बयान पर डॉ यश कुमार और अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अजय लाल ने बुधवार को ग्रामीण एसपी से मुलाकात कर अपने बेटे की मौत को हत्या बताते हुए डॉ यश कुमार समेत अन्य लोगों पर साजिश का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने उनके लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉ यश और डॉ सचिन समेत कई लोगों से पूछताछ
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित बनाए गए डॉ यश कुमार, डॉ सचिन कुमार और उनके अन्य साथियों से पूछताछ की है। इसके अलावा एमजीएम मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल और एमजीएम अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने डॉ यश कुमार और डॉ सचिन कुमार के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल की भी पड़ताल की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में कई लोगों से पूछताछ की गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस साक्ष्य हाथ नहीं लगा है। जांच जारी है और आगे मिले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ सक्षम के पिता ने भी हत्या का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की
इधर, पलामू निवासी डॉ सक्षम कुमार के पिता सत्येंद्र कुमार सिंह ने भी गुरुवार को बोड़ाम थाना प्रभारी को पत्र भेजकर डॉ यश कुमार, डॉ सचिन कुमार समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। सत्येंद्र कुमार सिंह ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि 23 जुलाई की रात उनका पुत्र डॉ सक्षम कुमार अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान डॉ यश कुमार और डॉ सचिन कुमार उसके कमरे में पहुंचे और उसे बहाने से डिमना लेक लेकर गए, जहां उसकी हत्या कर शव को जलाशय में फेंक दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में डॉ यश और डॉ सचिन के अलावा अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
बता दें कि डॉ सक्षम कुमार की मौत के मामले में उनके पिता के आवेदन पर बोड़ाम थाना पुलिस ने पहले अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया था। अब नए आरोप और शिकायत मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच हत्या के एंगल से भी कर रही है।