Dishom Guru Shibu Soren: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं. चार अगस्त को रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड में स्थित उनके पैतृक गांव नेमरा के निकट लुकैयाटांड में मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं इस कार्यक्रम की तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं.
लुकैयाटांड में होगा मुख्य आयोजन
मुख्य कार्यक्रम दादा शिबू सोरेन के बलिदान स्थल लुकैयाटांड में आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम स्थल से लगभग 100 मीटर दूर स्थित सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा.
प्रतिमा स्थल का निर्माण जल्दी पूरा होगा
विद्यालय परिसर में प्रतिमा स्थापना के लिए बनाए जा रहे मंच और संरचना का निर्माण तेजी से चल रहा है. कई मजदूर और मिस्त्री इस काम में जुटे हुए हैं. जूनियर इंजीनियर दिलीप नायक और शुभम इस पूरे कार्य की देखरेख कर रहे हैं. जिला प्रशासन ने दो अगस्त तक सभी निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया है.
10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी
पहली पुण्यतिथि के मुख्य समारोह के लिए विशाल वाटरप्रूफ पंडाल बनाया जा रहा है. इसमें 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य सरकार के मंत्री, पूर्व मंत्री, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, प्रशासनिक अधिकारी और सोरेन परिवार के सदस्य शामिल होंगे.
प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं
तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को गोला की बीडीओ सुधा वर्मा और रामगढ़ के जिला परिवहन पदाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन स्थल पर मौजूद रहकर तैयारियों की निगरानी करने का निर्देश दिया है.
नेमरा में भी होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम
मुख्यमंत्री की चचेरी बहन और जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम लुकैयाटांड में आयोजित होगा, जबकि शिबू सोरेन के पैतृक घर नेमरा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा. इसमें गांव के लोग और परिवार के सदस्य दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे.