Meta Description
बीरगंज, नेपाल: एक हिंदू युवक की गिरफ्तारी के बाद तनावपूर्ण हालात बन गए हैं। नेपाल पुलिस द्वारा की गई इस गिरफ्तारी के विरोध में बिरगंज शहर में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। जिले में धारा 144 लागू होने के बावजूद विभिन्न इलाकों में टायर जलाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
प्रदर्शन परवानीपुर, घंटाघर चौक, आदर्श नगर चौक, घड़ीहड़वा पोखरा चौक समेत कई स्थानों पर हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में हिंदू संगठन शामिल हैं, जो "जय श्री राम" के नारे लगाते हुए गिरफ्तार युवक की अविलंब रिहाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं, नेपाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पथराव के आरोप में भाई जान पक्ष से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बावजूद इसके, प्रदर्शनकारियों का आक्रोश कम नहीं हो रहा है और विरोध की तीव्रता लगातार बढ़ती जा रही है।
बढ़ते विरोध को देखते हुए पर्सा जिला प्रशासन फिर से कर्फ्यू लगाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। दूसरी ओर, भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल बॉर्डर पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। एसएसबी के जवान हाई अलर्ट पर हैं और आने-जाने वालों की कड़ी जांच की जा रही है।
स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, लेकिन अभी तक तनाव कम होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं।