Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने गुरुवार को सरायकेला थाना का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों, अभिलेखों, मालखाना और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए सभी मामलों की निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, वारंटियों के खिलाफ अभियान तेज करने और अपराधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। शिकायतों का त्वरित निष्पादन हो और जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि आम लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
साफ-सफाई और अनुशासन की सराहना
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और कार्यालय व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने थाना प्रभारी विनय कुमार और पूरी टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित थाना बेहतर पुलिस कार्यसंस्कृति का प्रतीक होता है।
वाहन जांच और रात्रि गश्ती बढ़ाने के निर्देश
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए एसपी ने नियमित वाहन जांच अभियान, रात्रि गश्ती, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के प्रति किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।
बेहतर पुलिसिंग पर रहेगा फोकस
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले के सभी थानों का समय-समय पर निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की जाएगी। उनका कहना था कि बेहतर पुलिसिंग का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और कानून के प्रति विश्वास को मजबूत करना भी है।