Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के फुटबॉल मैदान के समीप गुरुवार को एक टैंकर और कार के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
पीछे से कार ने मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर (संख्या JH05EK9955) आदित्यपुर से जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार (संख्या JH05EB2715) ने टैंकर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के दाहिने हिस्से का निचला भाग क्षतिग्रस्त हो गया।
लोगों ने हटवाए वाहन, फिर सामान्य हुआ यातायात
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बीच सड़क पर दोनों वाहन खड़े होने के कारण जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों वाहनों को थाने ले गई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रथम दृष्टया कार चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।