Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एमजीएम थाना पुलिस ने उनके पास से 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 नकद, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक मोटरसाइकिल, एक जियो कीपैड मोबाइल और एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया है। यह कार्रवाई 29 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन और पुलिस उपाधीक्षक (पटमदा) दयानंद कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने की।
घर से बरामद हुआ 7.2 किलो गांजा
छापेमारी के दौरान एमजीएम थाना क्षेत्र के बेको गांव निवासी मंतोष महतो उर्फ बुधू महतो के घर की तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 7.2 किलोग्राम गांजा, 6,400 नकद और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से गांजा मंगवाकर अपने घर में छिपाता था और फिर स्थानीय क्षेत्रों में उसकी अवैध बिक्री करता था। उसने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि उसी दिन बंदवान से दो अन्य तस्कर गांजा लेकर उसके पास आने वाले हैं।
जाल बिछाकर दो और तस्करों को दबोचा
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने बेको से छोटाबांकी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दो अन्य तस्करों को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 किलोग्राम गांजा और गांजा बिक्री से प्राप्त 24,960 नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में एमजीएम थाना क्षेत्र के बेको गांव निवासी मंतोष महतो उर्फ बुधू महतो, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बंदवान थाना क्षेत्र स्थित गंगामन्ना गांव निवासी शंभू गोराई तथा प्राण कृष्ण गोराई शामिल हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (पटमदा) दयानंद कुमार ने किया। छापेमारी दल में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक सुगना मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक मो. माजिद उद्दीन, अनिल कुमार सिंह, आरक्षी अभिमन्यु कुमार सिंह, रविंद्र नाथ महतो तथा गृह रक्षक चालक मोनू कुमार शामिल थे।