Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-30

Sravani Mela Special Trains: बाबा बैद्यनाथ धाम के श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, मनकट्ठा, बड़हिया और अशोकधाम स्टेशन पर भी रुकेगी स्पेशल ट्रेनें

Sravani Mela Special Trains:  बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने एक बहुत ही राहत भरा फैसला लिया है. पूर्व मध्य रेलवे ने कांवरियों और यात्रियों के सफर को आसान बनाने के लिएआसनसोल-गोरखपुर-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन को दो नए स्टेशनों पर रोकने का ऐलान किया है. इसके साथ ही देवघर-पटना मेमू पैसेंजर ट्रेन को भी एक अतिरिक्त स्टेशन पर ठहराव देने की मंजूरी दी गई है. रेलवे के इस कदम से बिहार और झारखंड के हजारों यात्रियों को सीधे तौर पर सुविधा मिलेगी.
मनकट्ठा और बड़हिया स्टेशन पर भी रुकेगी श्रावणी मेला स्पेशल
रेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 03527 आसनसोल-गोरखपुर श्रावणी मेला स्पेशल अब मनकट्ठा और बड़हिया स्टेशनों पर भी रुका करेगी. समय सारणी के मुताबिक यह स्पेशल ट्रेन रात 1:26 बजे मनकट्ठा पहुंचेगी और रात 1:38 बजे बड़हिया स्टेशन आएगी. इन दोनों ही प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन का 2-2 मिनट का अस्थायी ठहराव तय किया गया है जिससे स्थानीय श्रद्धालुओं को यात्रा का एक बेहतर विकल्प मिल सकेगा.


वापसी की यात्रा में भी यात्रियों को मिलेगी यही सुविधा
गोरखपुर से लौटने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 03528 गोरखपुर-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल को भी इन्हीं दो स्टेशनों पर रोकने का फैसला किया गया है. वापसी के दौरान यह ट्रेन रात 1:20 बजे बड़हिया और रात 1:31 बजे मनकट्ठा स्टेशन पहुंचेगी. यहाँ भी दो मिनट का स्टॉपेज दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में कोई परेशानी न हो.

देवघर-पटना मेमू को मिला अशोकधाम स्टेशन का नया स्टॉप
बाबा धाम के साथ-साथ अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाते हुए रेलवे ने देवघर-पटना मेमू ट्रेन के रास्ते में भी बदलाव किया है. 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक चलने वाली गाड़ी संख्या 63209/63210 देवघर-पटना-देवघर मेमू ट्रेन अब लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम स्टेशन पर भी रुकेगी. पूरे सावन महीने के दौरान यह अस्थायी व्यवस्था लागू रहने वाली है.

अशोकधाम स्टेशन पर क्या रहेगा ट्रेनों का समय?
अशोकधाम स्टेशन पर दोनों दिशाओं से आने वाली ट्रेनों के समय की बात करें तो गाड़ी संख्या 63209 देवघर-पटना मेमू सुबह 10:12 बजे यहाँ पहुंचेगी. वहीं दूसरी तरफ से आने वाली गाड़ी संख्या 63210 पटना-देवघर मेमू दोपहर 1:43 बजे अशोकधाम स्टेशन पहुंचेगी. इस स्टेशन पर भी ट्रेन का ठहराव दो मिनट का ही रखा गया है.


भारी भीड़ के बीच रेल यात्रियों को राहत देने की कवायद
हर साल श्रावणी मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने पहुँचते हैं और इस दौरान ट्रेनों में काफी भीड़ रहती है. रेलवे प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है. मनकट्ठा, बड़हिया और अशोकधाम जैसे स्टेशनों पर दिए गए इन नए ठहराव से आसपास के ग्रामीण और शहरी इलाकों के लोगों को बार-बार बड़े स्टेशनों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी यात्रा काफी सुगम हो जाएगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !