Himanshu Murder Case : जमशेदपुर में हुए डीडी बार हत्याकांड में आरोपी भाजपा नेता नीरज सिंह को फिलहाल अदालत से राहत नहीं मिली है। उनकी जमानत याचिका पर एडीजे-2 की अदालत में सुनवाई हुई। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस डायरी तलब की और अगली सुनवाई के लिए 12 अगस्त की तारीख तय की है।
बचाव पक्ष ने जमानत की मांग की, कोर्ट ने मांगी केस डायरी, सीजेएम कोर्ट पहले ही खारिज कर चुकी है याचिका
सुनवाई के दौरान नीरज सिंह के वकीलों ने जमानत देने की मांग की। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया। अब केस डायरी के अवलोकन के बाद 12 अगस्त को जमानत याचिका पर आगे की सुनवाई होगी।
इससे पहले नीरज सिंह की जमानत याचिका सीजेएम कोर्ट से खारिज हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने एडीजे-2 की अदालत में नई जमानत याचिका दाखिल की, जिस पर फिलहाल सुनवाई जारी है। ताजा आदेश के बाद नीरज सिंह की न्यायिक हिरासत जारी रहेगी।
26 जून की रात हुआ था जानलेवा हमला
26 जून की रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में विवाद के बाद आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर चापड़ से हमला किया गया था। इस हमले में हिमांशु सिंह की मौत हो गई थी, जबकि प्रत्युष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
राजस्थान से हुई थी गिरफ्तारी, 14 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने नीरज सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार किया था। पुलिस की जांच में अब तक इस हत्याकांड में 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फिलहाल पूरे शहर की नजर इस मामले की जांच और अदालत में चल रही सुनवाई पर बनी हुई है।