Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया स्टेशन के पास स्थित मिट्टीपुलिया इलाके में बीते सोमवार (28 जुलाई 2026) की रात करीब 9:30 बजे होटल संचालक विशाल गोराई पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हमले में गंभीर रूप से घायल विशाल गोराई का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में चल रहा है।
रंगदारी न देने पर विक्की पाण्डेय और 5-6 साथियों पर हमला करने का आरोप
पीड़ित विशाल गोराई द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र का कथित बालू कारोबारी विक्की पाण्डेय पिछले एक महीने से उनसे रंगदारी की मांग कर रहा था। मना करने पर विक्की अपने 5-6 अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और उन पर गोलियां चला दीं। शिकायत में इस पूरी वारदात की साजिश के पीछे सिंटू गोराई का हाथ होने का भी आरोप लगाया गया है।
कमर में लगी गोली, आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस दे रही दबिश
फायरिंग के दौरान एक गोली विशाल की कमर में जा लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद उन्हें आनन-फानन में टीएमएच ले जाया गया। आदित्यपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।