RIMS 2 Land Dispute: रांची के नगड़ी में रिम्स-2 परियोजना के लिए चिन्हित भूमि को लेकर बुधवार को फिर से विवाद हो गया. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वे अपनी पारंपरिक धार्मिक पूजा के लिए निर्धारित स्थल पर जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें वहां जाने की अनुमति नहीं दी. उनका कहना है कि इलाके में बहुत सारी पुलिस तैनात की गई थी, कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई और एक रास्ता भी बंद कर दिया गया, जिससे वे पूजा स्थल तक नहीं पहुंच सके.
हर 12 साल में होती है यह पारंपरिक पूजा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह आयोजन किसी विरोध प्रदर्शन का हिस्सा नहीं था, बल्कि एक आदिवासी परिवार की पीढ़ियों से चली आ रही धार्मिक परंपरा है. उनका कहना है कि पूजा की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं और बलि के लिए भेड़ भी खरीदी गई थी. हालांकि प्रशासन की रोक के कारण उन्हें प्रस्तावित जमीन के बाहर ही पूजा-अर्चना करनी पड़ी.
प्रशासन पर परंपरा को राजनीतिक गतिविधि मानने का आरोप
स्थानीय लोगों का दावा है कि नगड़ी में यह विशेष पूजा हर 12 वर्ष में आयोजित की जाती है और इसका संबंध एक परिवार तथा खदान क्षेत्र से जुड़ी पारंपरिक मान्यताओं से है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने इस धार्मिक आयोजन को राजनीतिक गतिविधि मानते हुए निर्धारित स्थल पर पूजा की अनुमति नहीं दी.