Palamu: पलामू संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम ने बुधवार को जिले में रेलवे वैगन निर्माण इकाई और मेगा वैगन अनुरक्षण (POH/ROH) वर्कशॉप स्थापित करने की मांग केंद्र सरकार के सामने प्रमुखता से उठाई है। उन्होंने लोकसभा में नियम 377 के तहत यह विषय रखा और इसके बाद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर एक विस्तृत मांगपत्र भी सौंपा।
औद्योगिक पिछड़ेपन और पलायन रोकने पर जोर
सांसद ने सदन को अवगत कराया कि पलामू और गढ़वा जिले आज भी औद्योगिक विकास में पिछड़े हुए हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार की तलाश में पलायन करना पड़ता है। उनका तर्क है कि यदि यहां रेलवे की कोई बड़ी परियोजना शुरू होती है, तो बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
गढ़वा रोड और जपला स्टेशन को बताया सबसे उपयुक्त
सांसद विष्णु दयाल राम ने परियोजना के लिए गढ़वा रोड और जपला रेलवे स्टेशन को सबसे उपयुक्त स्थान बताया। उन्होंने कहा कि इन स्टेशनों के पास रेलवे की पर्याप्त खाली जमीन उपलब्ध है। साथ ही ये स्थान सीसीएल ("CCL") और बीसीसीएल ("BCCL") के कोयला मालवाहक मार्ग पर स्थित हैं, जहां से रोजाना भारी संख्या में खाली मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिससे मरम्मत कार्यशाला चलाना बेहद आसान होगा।
रेलवे संचालन और मेंटेनेंस क्षमता होगी मजबूत
सांसद ने रेल मंत्री को सौंपे प्रस्ताव में स्पष्ट किया कि वर्तमान में वैगनों के सही समय पर मेंटेनेंस न होने से रेल परिचालन प्रभावित होता है। पलामू में वर्कशॉप बनने से न सिर्फ माल परिवहन अधिक सुचारू और प्रभावी होगा, बल्कि इससे रेलवे की अपनी कार्यक्षमता में भी काफी सुधार देखने को मिलेगा।