Jamtara News: श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन तीन जोड़ी (छह) 12-कोच मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों के परिचालन से जसीडीह, आसनसोल, मोहनपुर और दुमका के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। जामताड़ा स्टेशन पर भी इन ट्रेनों का ठहराव होगा, जिससे जिले के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
जसीडीह, आसनसोल और दुमका रूट पर मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 03549 मोहनपुर-जसीडीह मेमू पैसेंजर स्पेशल प्रतिदिन सुबह 7:25 बजे मोहनपुर से रवाना होकर 7:55 बजे जसीडीह पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन संख्या 03552 जसीडीह-आसनसोल मेमू पैसेंजर स्पेशल सुबह 8:10 बजे जसीडीह से चलकर 11:00 बजे आसनसोल पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव कुमराबाद रोहिणी, शंकरपुर, मथुरापुर, मधुपुर जंक्शन, जोड़ामो, मदनकटा, विद्यासागर, कांसीटांड, जामताड़ा, चित्तरंजन, रूपनारायणपुर, सलानपुर, सीतारामपुर और बाराचक स्टेशनों पर होगा।
वापसी में ट्रेन संख्या 03551 आसनसोल-जसीडीह मेमू पैसेंजर स्पेशल दोपहर 2:40 बजे आसनसोल से रवाना होकर शाम 5:15 बजे जसीडीह पहुंचेगी। यह ट्रेन भी जामताड़ा सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
मोहनपुर-दुमका रूट पर भी विशेष ट्रेनें, 32 फेरे लगाएंगी विशेष ट्रेनें
ट्रेन संख्या 03554 जसीडीह-दुमका मेमू पैसेंजर स्पेशल शाम 5:25 बजे जसीडीह से प्रस्थान कर 7:15 बजे दुमका पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 03553 दुमका-मोहनपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल शाम 7:45 बजे दुमका से रवाना होकर रात 9:10 बजे मोहनपुर पहुंचेगी। इन ट्रेनों का ठहराव देवघर, मोहनपुर, सिरसा नुनथर, घोरमारा, धनपतडीह, चंदनपहाड़ी, बासुकीनाथ, जामा और न्यू मदनपुर सहित निर्धारित स्टेशनों पर होगा।
रेलवे के अनुसार, सभी छह विशेष ट्रेनें 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन 12-कोच मेमू रेक के साथ संचालित होंगी। निर्धारित अवधि के दौरान प्रत्येक ट्रेन 32 फेरे लगाएगी। इन अतिरिक्त रेल सेवाओं का उद्देश्य श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ का सुचारु प्रबंधन करना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं निर्बाध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। रेलवे ने श्रद्धालुओं और यात्रियों से इन विशेष ट्रेनों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।